बड़ी खबरें
दो दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे नृपेंद्र मिश्र
दो दिवसीय दौरे में निर्माण परियोजनाओं और नई व्यवस्थाओं का लेंगे जायजा
ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक, हनुमानगढ़ी में भी किए दर्शन
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र शुक्रवार दोपहर अयोध्या पहुंचे। वह दो दिवसीय प्रवास के दौरान राम मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों, श्रद्धालु सुविधाओं और हाल में लागू की गई प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करेंगे।
अयोध्या पहुंचने के बाद नृपेंद्र मिश्र ने श्रीराम जन्मभूमि परिसर का निरीक्षण शुरू किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन प्रवेश द्वार, परकोटा क्षेत्र, यात्री सुविधाओं तथा अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
शुक्रवार को राम जन्मभूमि परिसर में ट्रस्ट पदाधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के इंजीनियरों के साथ समीक्षा बैठक भी प्रस्तावित है। बैठक में विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा पर चर्चा की जाएगी। साथ ही मंदिर परिसर में हाल ही में लागू की गई नई प्रशासनिक एवं प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा होगी।
शनिवार को नृपेंद्र मिश्र राम कथा संग्रहालय में आयोजित समीक्षा बैठक में शामिल होंगे। बैठक में संग्रहालय परिसर में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया जाएगा। इस बैठक में ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन पहली बार आधिकारिक रूप से भाग लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, नृपेंद्र मिश्र निर्माण कार्यों के साथ-साथ मंदिर परिसर में हाल में किए गए प्रशासनिक बदलावों और कार्यप्रणाली की भी समीक्षा करेंगे, ताकि निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।
अयोध्या पहुंचने के बाद नृपेंद्र मिश्र ने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
