चन्दौली
राजीव गांधी पार्क का सुंदरीकरण शुरू कराने की लगाई गुहार
जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज, काम अधूरा छोड़ने का लगाया आरोप; आंदोलन की चेतावनी
रामजी गुप्ता बोले— पार्क की बदहाल स्थिति पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का अपमान
मुगलसराय। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के पूर्व अध्यक्ष रामजी गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से मांग पत्र भेजकर मुगलसराय के कालीमहल चौराहा स्थित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा वाले पार्क का सुंदरीकरण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है।
रामजी गुप्ता ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि वर्ष 1998 से उक्त पार्क में स्वर्गीय राजीव गांधी की आदमकद प्रतिमा स्थापित है। पार्क के सुंदरीकरण के लिए 28 जून 2016 को लगभग 14 लाख रुपये की निविदा नगर पालिका की पंजीकृत फर्म दी व्याज इंटरप्राइजेज को स्वीकृत की गई थी। कार्यादेश जारी होने के बाद फर्म ने पुराने मार्बल, टाइल्स और शिलापट्ट को तोड़ दिया, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया, जिससे पार्क और अधिक क्षतिग्रस्त हो गया।
उन्होंने बताया कि पार्क के सुंदरीकरण को लेकर कई बार नगर पालिका से मांग की गई। इसके बाद 11 दिसंबर 2024 को जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत (संदर्भ संख्या 40019624013119) भी दर्ज कराई गई। शिकायत के बाद नगर पालिका ने 28 फरवरी 2026 को 9.57 लाख रुपये की लागत से पुनः निविदा जारी कर पंजीकृत फर्म काजल कंस्ट्रक्शन को कार्य आवंटित किया। हालांकि इस बार भी कार्य शुरू होने के बाद बीच में ही बंद कर दिया गया और पार्क की स्थिति पहले से अधिक खराब हो गई।
रामजी गुप्ता ने आरोप लगाया कि बार-बार अनुरोध के बावजूद नगर पालिका प्रशासन द्वारा सुंदरीकरण कार्य दोबारा शुरू नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने इसे भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी का घोर अपमान बताते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप कर पार्क के सुंदरीकरण का कार्य शुरू कराने के निर्देश देने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
