Connect with us

आजमगढ़

सिविल विवाद के बीच स्मार्ट बिजली मीटर तोड़ने का आरोप, चार नामजद सहित अज्ञात पर मुकदमा

Published

on

Loading...
Loading...

फरिहा कस्बे में महिला के घर लगे सरकारी मीटर को उखाड़कर नाली में फेंकने की शिकायत

कमीशन कार्रवाई प्रभावित करने की साजिश का आरोप, सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेज पुलिस को सौंपे

आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा कस्बे में संपत्ति विवाद के बीच सरकारी स्मार्ट बिजली मीटर को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फरिहा निवासी नाहिद तबस्सुम पत्नी इमरान अहमद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने 8 जनवरी 2026 को एक मकान खरीदा था, जिसको लेकर सिविल न्यायालय में वाद विचाराधीन है। पीड़िता के अनुसार, 8 जुलाई को न्यायालय द्वारा मामले में कमीशन की कार्रवाई प्रस्तावित थी।

आरोप है कि 7 जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे विपक्षी पक्ष के अब्दुल रहमान पुत्र बदरे आलम, अहमद रजा खान, हामिद पुत्रगण शाहनवाज, बदरे आलम पुत्र स्व. फारूक सहित कुछ अज्ञात लोगों ने उनके मकान पर लगे सरकारी स्मार्ट बिजली मीटर को उखाड़ दिया और उसे क्षतिग्रस्त कर नाली में फेंक दिया।

Advertisement

पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना उनके मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसकी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है। इसके अलावा बिजली कनेक्शन से संबंधित रसीद और बिल की प्रतियां भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को दी गई हैं।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई सिविल न्यायालय में प्रस्तावित कमीशन की कार्रवाई और उसकी रिपोर्ट को प्रभावित करने की साजिश के तहत की गई है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page