भदोही
15 से 23 जुलाई तक सीतामढ़ी में लगेगा लवकुश एवं राष्ट्रीय रामायण मेला
तैयारियों में जुटा प्रशासन
डीएम शैलेष कुमार ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर
भदोही। महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली एवं लव-कुश जन्मस्थली सीतामढ़ी में 15 से 23 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले लवकुश मेला एवं अखिल भारतीय राष्ट्रीय रामायण मेला की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मेले के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लवकुश मेला जनपद की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख आयोजन है। इसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और स्वच्छता सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर को मेला अधिकारी तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर को सहायक मेला अधिकारी नामित किया। पुलिस विभाग को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्युत विभाग को जर्जर तार एवं पोल बदलने, मुख्य चिकित्साधिकारी को 24 घंटे चिकित्सकीय टीम, एंबुलेंस और दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन विभाग को अग्नि सुरक्षा के सभी प्रबंध करने के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग को मेला मार्गों को आवागमन योग्य बनाने तथा झूलों सहित अस्थायी संरचनाओं की तकनीकी जांच कराने को कहा गया। जिला पंचायत को सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था, जनरेटर, घाटों पर बैरिकेडिंग, नाव और प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता व्यवस्था के लिए पर्याप्त सफाईकर्मी, कूड़ा वाहन, मोबाइल शौचालय और पेयजल टैंकर लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेला परिसर को पूरी तरह पॉलीथीन मुक्त रखने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कर मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को मेला शुरू होने से पहले सौंपे गए दायित्वों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पार्किंग स्थलों के चिन्हांकन, सुचारु यातायात, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा प्रभावी जन-सूचना प्रसारण के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला, जनपद के सभी अधिशासी अधिकारी, विभिन्न विभागों के अभियंता, मेला अध्यक्ष मुन्ना लाल पाण्डेय, धर्मेन्द्र सिंह, श्री नारायण दुबे, ग्राम प्रधान सीतामढ़ी, आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
