भदोही
कोटेदारों की मनमानी से परेशान राशन कार्ड धारक, बदल रहे उचित दर की दुकानें
गोपीगंज में राशन में कटौती और अनियमित वितरण के आरोप, उपभोक्ताओं ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
गोपीगंज (भदोही)। नगर पालिका परिषद गोपीगंज क्षेत्र में उचित दर की दुकानों पर राशन वितरण को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है। राशन कार्ड धारकों का आरोप है कि कुछ कोटेदार शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार खाद्यान्न वितरण नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते कई लोग अपना राशन कार्ड दूसरे विक्रेताओं से संबद्ध कराने को मजबूर हो रहे हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से करीब 5 किलोग्राम तथा अंत्योदय कार्डधारकों को लगभग 10 किलोग्राम तक कम राशन दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि मुफ्त खाद्यान्न में कटौती से गरीब परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरा राशन मिलने की उम्मीद में वे दूसरे कोटेदार के यहां अपना राशन कार्ड संबद्ध करा लेते हैं, लेकिन कुछ समय बाद वहां भी इसी तरह की शिकायतें सामने आने लगती हैं।
कुछ कार्डधारकों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर कार्रवाई के बजाय उन्हें धमकियां दी जाती हैं। उनका यह भी दावा है कि कुछ प्रभावशाली कोटेदार शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेते और कार्रवाई न होने की बात कहते हैं।
उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कई दुकानों पर पहले ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवा लिया जाता है, लेकिन उसी दिन राशन नहीं दिया जाता। बाद में दुकान बंद होने के कारण कई लाभार्थी पूरे महीने राशन से वंचित रह जाते हैं।
इसके अलावा कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा एक से अधिक उचित दर की दुकानों का संचालन किया जा रहा है, जहां अनियमितताओं की शिकायतें अधिक मिल रही हैं।
क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित कोटेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा सभी पात्र लाभार्थियों को शासन के मानकों के अनुसार पूरा राशन उपलब्ध कराने की मांग की है।
