आजमगढ़
परिषदीय विद्यालयों में लगातार चोरी से बढ़ी चिंता, एमडीएम व्यवस्था भी प्रभावित
प्राथमिक विद्यालय अक्षरचंदा से गैस सिलेंडर और बर्तन चोरी, पुलिस ने जल्द खुलासे का किया दावा
महराजगंज (आजमगढ़)। विकासखंड महराजगंज क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने शिक्षा विभाग, शिक्षकों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। एक के बाद एक कई विद्यालयों को निशाना बनाए जाने से विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ताजा मामला प्राथमिक विद्यालय अक्षरचंदा का है। विद्यालय खुलने पर रसोईघर की कुंडी टूटी मिली और जांच में पता चला कि अज्ञात चोर एक गैस सिलेंडर तथा दो बड़े भगोने चोरी कर ले गए। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। पुलिस के निर्देश पर संबंधित थाने में तहरीर देकर ई-एफआईआर दर्ज कराई गई, जिसका संदर्भ संख्या 202600070557 है।
प्रधानाध्यापक ने खंड शिक्षा अधिकारी को भेजे पत्र में बताया कि गैस सिलेंडर और बर्तनों की चोरी के कारण विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन (एमडीएम) व्यवस्था प्रभावित हो गई है। उन्होंने एमडीएम का संचालन सुचारु रखने के लिए शीघ्र नया गैस सिलेंडर और आवश्यक बर्तन उपलब्ध कराने की मांग की है।
क्षेत्र में इससे पहले प्राथमिक विद्यालय नेवादा-प्रथम, प्राथमिक विद्यालय कुम्हवट और प्राथमिक विद्यालय चौरासी में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन विद्यालयों से एमडीएम के बर्तन, गैस सिलेंडर, खाद्यान्न, आंगनबाड़ी सामग्री, शैक्षणिक किट तथा अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे शिक्षकों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।
थाना प्रभारी जयप्रकाश ने बताया कि विद्यालयों में हुई चोरी की घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। सभी मामलों की तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा तथा उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।
शिक्षकों और ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
