Connect with us

आजमगढ़

अतरौलिया में ओमप्रकाश राजभर की संगठनात्मक बैठक

Published

on

Loading...
Loading...

सीट बंटवारे आरक्षण और विकास पर रखी बेबाक राय

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का दिया मंत्र, कहा— एनडीए में सीटों पर अभी नहीं हुई कोई चर्चा

आजमगढ़। अतरौलिया स्थित डाक बंगले में बुधवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने संगठनात्मक बैठक की। बैठक में अतरौलिया विधानसभा के सभी 64 सेक्टर प्रभारियों एवं अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि उचित समय आने पर गठबंधन के स्तर पर बातचीत होगी और उसके बाद ही सीटों को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

अयोध्या में सामने आए कथित चंदा चोरी के मामले पर उन्होंने कहा कि मंदिर ट्रस्ट के अधीन है और इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के महासचिव की शिकायत पर सरकार ने एसआईटी का गठन किया था। जांच में प्रथम दृष्टया आठ लोग दोषी पाए गए हैं, जिन्हें जेल भेजा जा चुका है। साथ ही ट्रस्ट के दो पदाधिकारियों ने इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि एसआईटी और पुलिस की जांच जारी है तथा कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement

पिछड़ा वर्ग आरक्षण के मुद्दे पर राजभर ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में सभी पात्र लोगों को आरक्षण का समान लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को तीन भागों में विभाजित किया जाए, ताकि छोटी एवं वंचित पिछड़ी जातियों को भी उनका उचित अधिकार मिल सके।

अतरौलिया विधानसभा के विकास पर बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि उनकी पहल पर अहरौला–कप्तानगंज 21 किलोमीटर मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा सिकंदरपुर–नरियांव मार्ग का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि अतरौलिया विधानसभा के कई गांवों में खड़ंजा और सीसी सड़कें बनवाई गई हैं तथा विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही उन्होंने दावा किया कि केवल अतरौलिया ही नहीं, बल्कि पूरे आजमगढ़ की जनता बदलाव चाहती है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page