Connect with us

बड़ी खबरें

चढ़ावा चोरी की निष्पक्ष जांच: मायावती

Published

on

Loading...
Loading...

बसपा सुप्रीमो ने ट्रस्ट प्रबंधन की भूमिका की जांच की मांग की, आरोप लगाने वालों से भी मांगे ठोस साक्ष्य

लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर और उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम में चढ़ावे के कथित गबन और चोरी के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि इन मामलों की पारदर्शी जांच नहीं हुई तो भविष्य में भी इस प्रकार की अनियमितताओं की आशंका बनी रहेगी।

मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट में मायावती ने कहा कि श्रीराम मंदिर के बाद अब बदरीनाथ धाम में भी चढ़ावे में कथित चोरी और गबन के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने दोनों धार्मिक स्थलों के ट्रस्ट से जुड़े शीर्ष प्रबंधकों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की आवश्यकता जताई।

उन्होंने कहा कि यदि निचले स्तर पर कोई गड़बड़ी हुई है तो या तो उसमें शीर्ष प्रबंधन की मिलीभगत रही होगी या फिर उनकी लापरवाही। ऐसे में सरकार और विशेष जांच दल (एसआईटी) को पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

मायावती ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के उन नेताओं का भी उल्लेख किया, जिन्होंने श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं तो उनके समर्थन में ठोस और विश्वसनीय साक्ष्य भी सार्वजनिक किए जाने चाहिए, ताकि दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।

Advertisement

उन्होंने कहा कि यदि आरोपों के समर्थन में प्रमाण प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो इन्हें केवल राजनीतिक बयानबाजी माना जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page