वाराणसी
सीएम योगी के काशी दौरे से पहले नगर निगम हाई अलर्ट, वीआईपी रूटों पर तीन शिफ्ट में सफाई अभियान
आवारा पशु पकड़ने, अतिक्रमण हटाने और सड़क मरम्मत के साथ सुंदरीकरण कार्य तेज
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की चेतावनी— व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी कार्रवाई
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दो दिवसीय काशी दौरे को लेकर नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री के संभावित एवं वैकल्पिक वीआईपी रूटों को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए सफाई, अतिक्रमण हटाने, आवारा पशुओं को पकड़ने, सड़क मरम्मत तथा सुंदरीकरण का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर वीआईपी मार्गों पर तीन शिफ्ट में सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। सड़कों पर धूल, कूड़ा और गंदगी न रहे, इसके लिए लगातार विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के काफिले के सुचारु आवागमन को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की टीमें आवारा मवेशियों एवं छुट्टा पशुओं को पकड़कर अस्थायी शेल्टर होम भेज रही हैं।
नगर निगम का प्रवर्तन दल संभावित रूटों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी कर रहा है। सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे और स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि यातायात में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। वहीं मार्ग प्रकाश विभाग को सभी स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइटों को पूरी तरह कार्यशील रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, धंसे हुए मैनहोल की जांच, डिवाइडरों की पेंटिंग और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी तेजी से कराए जा रहे हैं। सभी जोनल अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान यदि कहीं भी कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
