मिर्ज़ापुर
वामा सारथी के तत्वावधान में पुलिस लाइंस में वृक्षारोपण व कौशल प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
पुलिस परिवार के बच्चों और महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता व स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक
‘हरित घर, स्वच्छ परिवेश और बेहतर भविष्य’ का लिया संकल्प
मीरजापुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में रविवार को पुलिस लाइंस स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) द्वारा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के सहयोग से ‘वामा स्वावलंबन’ कौशल प्रशिक्षण कार्यशाला एवं होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के बाद पुलिस परिवार के बच्चों, युवाओं और महिलाओं के साथ वृक्षारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइंस/यातायात ने पुलिस परिवार के बच्चों, युवाओं और महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इस दौरान बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने और प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के अंत में ‘हरित घर, स्वच्छ परिवेश और बेहतर भविष्य’ के संकल्प के साथ बच्चों ने स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी लाइंस/यातायात ने पुलिस परिवार के बच्चों और महिलाओं के साथ पुलिस लाइंस परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
