वाराणसी
पैंटोग्राफ में तकनीकी खराबी से चार घंटे कैंट स्टेशन पर खड़ी रही वंदे भारत एक्सप्रेस
बर्ड हिटिंग के कारण आया फॉल्ट, इंजीनियरों की टीम ने किया दुरुस्त
168 यात्रियों को हुई असुविधा, अन्य ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में भी करना पड़ा बदलाव
वाराणसी। बनारस से खजुराहो जाने वाली गाड़ी संख्या 26506 वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार सुबह पैंटोग्राफ में आई तकनीकी खराबी के कारण वाराणसी कैंट स्टेशन पर करीब चार घंटे तक खड़ी रही। रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद खराबी को दूर किया, जिसके बाद ट्रेन सुबह 9:35 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई।
बर्ड हिटिंग से पैंटोग्राफ हुआ क्षतिग्रस्त
रेलवे सूत्रों के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 5:15 बजे बनारस स्टेशन से रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान बर्ड हिटिंग की घटना में ट्रेन का पिछला पैंटोग्राफ टेढ़ा हो गया, जिससे तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई। इसके चलते ट्रेन को निर्धारित ठहराव न होने के बावजूद वाराणसी कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर रोकना पड़ा।
अधिकारियों ने मौके पर संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल सक्रिय हो गया। उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे के यांत्रिक एवं विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तकनीकी खराबी को दूर करने में जुट गए। इस दौरान एडीआरएम बृजेश कुमार यादव, स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, मंडल यांत्रिक अभियंता दिवाकर वार्ष्णेय तथा सहायक विद्युत अभियंता कार्तिकेय सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा असर
वंदे भारत एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर खड़े रहने के कारण कई अन्य ट्रेनों के संचालन में बदलाव करना पड़ा। गोरखपुर इंटरसिटी, लिच्छवी एक्सप्रेस, पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, उधना-दानापुर एक्सप्रेस, हुबली-बनारस एक्सप्रेस तथा महानगरी एक्सप्रेस को निर्धारित प्लेटफॉर्म नंबर तीन के बजाय प्लेटफॉर्म नंबर दो से रवाना किया गया।
यात्रियों को उपलब्ध कराया गया जलपान
ट्रेन में कुल 168 यात्री सवार थे। यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए ट्रेन के सभी दरवाजे खोल दिए गए। वहीं स्थानीय रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। चार घंटे बाद तकनीकी खराबी दूर होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली और ट्रेन अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना हो सकी।
