अपराध
पचास हजार का इनामी दारोगा गिरफ्तार
गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार बदल रहा था ठिकाने
कानपुर। सचेंडी गैंगरेप मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी और निलंबित दारोगा अमित कुमार मौर्या को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे सचेंडी थाना क्षेत्र के सोना गांव के पास से दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उसकी तलाश में पुलिस लंबे समय से जुटी थी और लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इस मामले में एक अन्य मुख्य आरोपी शिवबरन यादव को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
यह मामला सचेंडी क्षेत्र की एक किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म से जुड़ा है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से अमित मौर्या फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर सक्रिय था। वह वीडियो और पोस्ट के माध्यम से खुद को निर्दोष साबित करने का प्रयास कर रहा था तथा मामले को अलग दिशा देने की कोशिश कर रहा था। इसके साथ ही उसने मुकदमे को निरस्त कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी, लेकिन अदालत ने उसकी अपील खारिज कर दी थी।
गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार बदल रहा था ठिकाने
पुलिस ने आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की तैयारी भी शुरू कर दी गई थी। लगातार दबाव और जांच के बीच पुलिस को उसकी लोकेशन सोना गांव के पास मिली, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मुख्य आरोपी शिवबरन यादव पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) संकल्प शर्मा ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल पुलिस इस प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं।
