वाराणसी
वाराणसी में गरजे संजीव सिंह, मंत्रियों-विधायकों की संपत्ति जांच की उठाई मांग
मंत्रियों-विधायकों की संपत्ति जांच की मांग को लेकर कांग्रेस का हमला
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर प्रदेशभर के मंडल मुख्यालयों में आयोजित पत्रकार वार्ता के क्रम में वाराणसी के लहुराबीर स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय पर भी प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा।

संजीव सिंह ने कहा कि सरकार भय और भ्रष्टाचारमुक्त शासन की बात करती है, लेकिन जनहित में मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति की जांच कराने से बच रही है। उन्होंने महोबा की दलित छात्रा से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि पीड़िता के साथ गंभीर अपराध हुआ, लेकिन सरकार का कोई मंत्री या विधायक उसके परिवार से मिलने तक नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़िता के घर जा रहे थे, तब प्रशासन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अजय राय के पीड़ित परिवार तक पहुंचने से विचलित हो गई और भाजपा नेताओं द्वारा उनके खिलाफ धरना-प्रदर्शन किए जा रहे हैं। संजीव सिंह ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा अजय राय की संपत्ति जांच की मांग हास्यास्पद है, क्योंकि उनका सार्वजनिक जीवन खुली किताब की तरह है।
प्रवक्ता ने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं और विभागों में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कर रही है। साथ ही चुनौती दी कि यदि सरकार में साहस है तो अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति और कथित अपराधों की भी जांच कराए।
महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि अजय राय पर दर्ज अधिकांश मुकदमे आंदोलन और कोरोना काल के दौरान के हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और शुचिता में विश्वास रखती है तथा किसी भी एजेंसी से जांच कराने को तैयार है, बशर्ते भाजपा सरकार अपने मंत्रियों और विधायकों की भी समान रूप से जांच कराए।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह, जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, मयंक चौबे, अनुपम राय और प्रमोद वर्मा सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
