Connect with us

वाराणसी

बारिश से बदला मौसम का मिजाज, घाटों पर उमड़ी भीड़

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शुक्रवार की भोर में हुई बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और तेज धूप की जगह हल्की नरम धूप देखने को मिली। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश के बाद बड़ी राहत महसूस हुई। मौसम सुहाना होते ही शहरवासी परिवार के साथ गंगा घाटों की ओर निकल पड़े।

अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट, नमो घाट और राजघाट समेत शहर के प्रमुख घाटों पर सुबह से ही रौनक बढ़ गई। गंगा किनारे बह रही ठंडी हवाओं और खुशनुमा मौसम का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कई परिवार घाटों पर बैठकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते दिखे, जबकि युवाओं और बच्चों में भी खास उत्साह नजर आया।

मौसम विभाग की पूर्व संभावना शुक्रवार को सही साबित हुई। विभाग ने पहले ही शुक्रवार और शनिवार को आंधी और बारिश की संभावना जताई थी। भोर में हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भू-भौतिकी विभाग के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण पूर्वांचल के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना है।

Advertisement

प्रो. श्रीवास्तव के अनुसार बारिश की वजह से दिन के तापमान में कमी आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह भी दी।

बारिश के बाद घाटों पर लोगों की संख्या बढ़ने से कई स्थानों पर खास चहल-पहल देखने को मिली। सुबह के समय श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घाटों पर पहुंचे। गंगा आरती स्थलों और प्रमुख घाटों पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ नजर आई।

मौसम के बदले इस मिजाज ने काशीवासियों को गर्मी से राहत देने के साथ-साथ शहर के घाटों की रौनक भी बढ़ा दी है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page