Connect with us

गोरखपुर

शादी के फर्जी निमंत्रण से ठगी, APK फाइल डाउनलोड करना पड़ा भारी

Published

on

Loading...
Loading...

“भैया शादी में जरूर आइएगा” मैसेज से फैल रहा साइबर जाल

गोरखपुर। शहर में तैनात रह चुके एक दारोगा के मोबाइल नंबर से उनके परिचितों को शादी का डिजिटल निमंत्रण भेजकर साइबर जालसाजों ने ठगी का प्रयास किया। संदेश में लिखा था, “भैया, शादी में जरूर आइएगा..।” सामान्य संदेश होने की वजह से लोगों को लगा कि परिवार में शादी है, जिसके चलते कई लोगों ने फाइल खोल दी।

फाइल खुलते ही मोबाइल फोन असामान्य तरीके से काम करने लगा। कुछ लोगों के व्हाट्सएप अपने आप खुलने और बंद होने लगे, जबकि कुछ मोबाइल फोन से अनजान संदेश भेजे जाने लगे। बाद में जानकारी हुई कि यह कोई सामान्य निमंत्रण पत्र नहीं, बल्कि एपीके फाइल थी। इसे खोलते ही साइबर जालसाजों ने मोबाइल की पहुंच अपने नियंत्रण में ले ली।

मामले की जानकारी होने पर दारोगा ने अपने परिचितों को फोन कर बताया कि उनके घर में कोई शादी नहीं है और भेजा गया निमंत्रण पूरी तरह फर्जी है। इसके बाद लोगों को एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।

साइबर कमांडो उपेंद्र सिंह ने बताया कि जालसाज अब लोगों की भावनाओं और भरोसे का फायदा उठा रहे हैं। पहले बैंक अधिकारी, बिजली विभाग या कुरियर कंपनी के नाम पर ठगी की जाती थी, लेकिन अब शादी-ब्याह जैसे पारिवारिक आयोजनों को माध्यम बनाया जा रहा है।

Advertisement

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन ऐसे दो से तीन मामले सामने आ रहे हैं। एपीके फाइल डाउनलोड होते ही मोबाइल का नियंत्रण दूर बैठे जालसाजों के हाथ में पहुंच जाता है। इसके बाद वे बैंकिंग जानकारी, निजी तस्वीरें, संपर्क सूची और सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं।

कैसे पहचानें खतरा

– यदि निमंत्रण पत्र पीडीएफ की जगह एपीके फाइल में आए तो तुरंत सतर्क हो जाएं।
– फाइल डाउनलोड करने का दबाव बनाया जाए तो सावधानी बरतें।
– परिचित के नाम से संदेश आने पर भी पहले फोन कर पुष्टि कर लें।
– मोबाइल में सुरक्षा व्यवस्था और अपडेट सिस्टम हमेशा सक्रिय रखें।
– किसी भी प्रकार की घटना होने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page