Connect with us

वाराणसी

बाटी-चोखा न खिलाने के विवाद में मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। दोस्ती के बीच बाटी-चोखा को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। शिवपुर थाना क्षेत्र के चमाव शहाबुद्दीनपुर में बाटी-चोखा न खिलाने की बात पर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को मंगलवार को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया।

थाना प्रभारी शिवपुर अजीत वर्मा ने बताया कि डिफेंस कॉलोनी फुलवरिया कैंट निवासी अरविंद यादव ने तहरीर देकर बताया था कि 24 मई की सुबह वह अपने कुछ मित्रों के साथ तरना चमाव के शहाबुद्दीनपुर स्थित अपनी खाली जमीन पर बाटी-चोखा कार्यक्रम करने गए थे।

इसी दौरान चमाव निवासी भुआल सिंह, अनिल सिंह और उनके कुछ साथियों ने बाटी-चोखा न खिलाने की बात को लेकर नाराजगी जताई और उन पर हमला कर दिया। मारपीट में अधिवक्ता श्रीनाथ मिश्रा का सिर फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के संबंध में तीन नामजद आरोपितों समेत छह अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की और मंगलवार शाम करीब छह बजे कचहरी परिसर से अनिल सिंह, भुआल सिंह और भरत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। घटना के बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। थाना प्रभारी ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस सतर्क है और किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page