वाराणसी
बकरीद पर नगर निगम ने 79 स्थानों पर किए विशेष इंतजाम
कुर्बानी के बाद निकलने वाले लीदा-पचौनी व अन्य अपशिष्टों का होगा त्वरित निस्तारण
चिन्हित स्थानों पर मशीनों की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष फोकस, 24×7 निगरानी
करसड़ा प्लांट पर 24 घंटे निगरानी, कीटाणुशोधन के लिए भारी मात्रा में स्टॉक, शिकायतों के लिए हेल्प डेस्क गठित
वाराणसी। बकरीद को देखते हुए नगर निगम ने शहर की स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष कार्ययोजना तैयार की है। कुर्बानी के बाद निकलने वाले भारी मात्रा में लीदा-पचौनी व अन्य अपशिष्टों के त्वरित निस्तारण के लिए निगम की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
नगर निगम ने शहर के 79 ऐसे स्थानों को चिन्हित किया है, जहां कुर्बानी के बाद अधिक मात्रा में अपशिष्ट निकलता है। इन स्थानों से कूड़ा उठाने के लिए 94 वाहनों, जिनमें डीपी कंटेनर, काम्पैक्टर, हापर, टाटा एस, ट्रैक्टर-ट्राली, लोडर और डम्पर शामिल हैं, की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। परिवहन विभाग को निर्देश दिया गया है कि कचरा ढोने वाले सभी वाहन तिरपाल से ढके रहें, ताकि रास्ते में गंदगी न फैले।
जैतपुरा, अलईपुरा और बजरडीहा जैसे क्षेत्रों में, जहां बड़े पैमाने पर कुर्बानी होती है, वहां बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 95 सफाई कर्मचारियों और आठ सफाई सुपरवाइजरों की अलग से तैनाती की गई है। इसके अलावा नाला गैंग के कर्मियों को भी विशेष रूप से लगाया गया है।
लीदा-पचौनी के सुरक्षित निस्तारण के लिए करसड़ा प्लांट पर विशेष गड्ढे तैयार किए गए हैं। यहां 24×7 सफाई और खाद्य निरीक्षकों की तैनाती की गई है, जो रोटेशन के आधार पर कार्य करेंगे।
27 मई: विवेक वोहरा (सफाई निरीक्षक)
28 मई: विनयानंद द्विवेदी (सफाई निरीक्षक)
29 मई: पंकज श्रीवास्तव (सफाई निरीक्षक)
इसके अतिरिक्त भानू प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
सफाई के बाद दुर्गंध और संक्रमण की रोकथाम के लिए कीटनाशकों का पर्याप्त भंडारण किया गया है। इसमें 1200 बोरी मैलाथियान पाउडर, 700 बोरी ब्लीचिंग पाउडर, 50 टन चूना पाउडर, 500 लीटर फिनायल और 15 टन खड़ा नमक शामिल है। कूड़े को गड्ढों में डालने के बाद इन रसायनों के साथ एक्सकेवेटर मशीन से मिट्टी की कैपिंग की जाएगी।
जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम में हेल्प डेस्क बनाई गई है। नागरिक किसी भी समस्या के लिए निम्नलिखित आईटी विशेषज्ञों से संपर्क कर सकते हैं।
विद्या प्रकाश दुबे: 9415817234
आशीष कुमार श्रीवास्तव: 7503920948
