Connect with us

जौनपुर

चूल्हे पर खाना बनाने की बात से आहत महिला ने की खुदकुशी

Published

on

Loading...
Loading...

गैस खत्म होने से घर में बढ़ी तकरार

जौनपुर। जिले के मड़ियाहूं क्षेत्र में चूल्हे पर खाना बनाने को लेकर नाराज एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घर में पिछले 10 दिनों से गैस सिलिंडर खत्म था। मामला हुसेनपुर गांव का बताया जा रहा है। फिलहाल घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

हुसेनपुर गांव निवासी उदयराज गौड़ ने बताया कि उनके पास गैस कनेक्शन नहीं था। गैस की परेशानी होने पर मार्च महीने में एक एजेंसी से सिलिंडर तो लिया गया, लेकिन कागजात नहीं मिलने की वजह से दूसरा सिलिंडर नहीं मिल सका। इसी कारण पिछले 10 दिनों से घर में गैस खत्म थी। इस बात को लेकर उनकी 25 वर्षीय पत्नी विशाखा गौड़ से कहासुनी होती रहती थी।

बताया गया कि सोमवार की देर शाम पति ने पत्नी को सिलिंडर नहीं मिलने की मजबूरी बताते हुए चूल्हे पर भोजन बनाने की सलाह दी। इसी बात से आहत होकर विशाखा अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो कमरे के अंदर साड़ी के फंदे से पंखे के हुक पर लटका हुआ उसका शव मिला।

Advertisement

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। उसका पति इटाएं बाजार में छोला-फुलकी का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता है।

क्राइम इंस्पेक्टर इरफान अली ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच सिलिंडर नहीं मिलने को लेकर विवाद की बात सामने आई है, जिसके बाद महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है और मामले की जांच की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page