Connect with us

सियासत

कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार, जिला मुख्यालय पर मोदी-योगी के छायाचित्र फूंके

Published

on

Loading...
Loading...

कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर उठाए सवाल

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय का पुतला दहन किए जाने के विरोध में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के छायाचित्र फूंककर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने “मोदी-योगी शर्म करो”, “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” और “जनविरोधी सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का पुतला दहन किया। इसके जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसी स्थान पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस किसी भी प्रकार की राजनीतिक प्रताड़ना और दमन से डरने वाली नहीं है तथा भाजपा की नफरत की राजनीति का जवाब जनता के मुद्दों को लेकर सड़क पर संघर्ष करके दिया जाएगा।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे और जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने कहा कि भाजपा ने जिस तरह कांग्रेस नेतृत्व का अपमान करने का प्रयास किया, उसके विरोध में कांग्रेसजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का छायाचित्र दहन किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को समझ लेना चाहिए कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। भाजपा ने राहुल गांधी और अजय राय का पुतला जलाकर अपनी राजनीतिक कुंठा का परिचय दिया है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसी का जवाब देते हुए जिला मुख्यालय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और धर्मेंद्र प्रधान का छायाचित्र फूंका। उन्होंने कहा कि जिस भाषा में जवाब मिलेगा, उसी भाषा में प्रतिक्रिया दी जाएगी। कांग्रेस भाजपा की धमकियों और दमनकारी नीतियों से डरने या झुकने वाली नहीं है। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है, जबकि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है, महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और महंगाई व बेरोजगारी से आम जनता परेशान है।

Advertisement

इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता महोबा की दलित बिटिया को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर एकत्रित हुए। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेशव्यापी जनआंदोलन के तहत प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपा गया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से कहा कि महोबा की दलित बिटिया के साथ हुई निर्मम और अमानवीय घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। इस जघन्य अपराध ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराधियों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि घटना में शामिल सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, सुरक्षा और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में दलितों, महिलाओं और कमजोर वर्गों के खिलाफ बढ़ते अपराध बेहद चिंताजनक हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाए। कांग्रेस पार्टी ने राज्यपाल से मांग की कि वह मामले का संज्ञान लेते हुए प्रदेश सरकार को दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दें।

नेताओं ने कहा कि यह संघर्ष केवल महोबा की एक बेटी के न्याय की लड़ाई नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रत्येक बेटी की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है। जब तक पीड़िता को न्याय और दोषियों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

Advertisement

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने न्याय के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। जिला मुख्यालय परिसर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नारों और न्याय की मांग से गूंजता रहा।

कार्यक्रम में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा और जनता की आवाज दबाने के हर प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन, नेता पार्षद दल गुलशन अंसारी, सतनाम सिंह, गिरीश पाण्डेय, अशोक सिंह, वकील अंसारी, राजीव गौतम, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, सरिता पटेल, हसन मेहदी कब्बन, संतोष चौरसिया, पूनम विश्वकर्मा, चंचल शर्मा, पार्षद रमजान अली, अशलम खान, राजेश त्रिपाठी, राज खान, अब्दुल हमीद डोडे, प्रमोद वर्मा, आशीष केशरी, रामकेश यादव, लोकेश सिंह, नरसिंह दास, रोहित दुबे, हाजी इस्लाम, राजेश प्रजापती, महेश चौबे, आयुष पटेल, आदर्श चौबे, मो आदिल, नासिर अली, वीरेन्द्र प्रताप सिंह, अरविंद पटेल, विकास पांडेय समेत सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page