Connect with us

वाराणसी

घुघरानी गली में आग से हड़कंप, बुजुर्ग महिला बेहोश; लाखों का नुकसान

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शहर के घुघरानी गली के कुंजी टोला स्थित एक मकान के बाहर से गुजर रहे बिजली के तार में शार्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के बाहर खड़ी इंफील्ड बुलेट, यामाहा और टीवीएस समेत घर में रखा डीप फ्रीजर, इन्वर्टर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे की है। मकान संख्या CK 39/49 के मालिक पंकज कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि उनके घर के बाहर निजी कंपनी की ओर से लगाए गए बिजली के तारों में लापरवाही बरती गई, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। घटना में लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।

आग लगने से घर में मौजूद 70 वर्षीय चमेली देवी धुएं की चपेट में आने से बेहोश हो गईं। उन्हें तत्काल श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि सुबह के समय आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लिया था।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पहले फायर सिलेंडर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ने पर फायर विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय थाने की पुलिस और शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

Advertisement

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि आग लगने के वक्त वह घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन घटना की जानकारी मिलने के बाद वह काफी परेशान हो गए।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में बिजली के तारों की स्थिति में सुधार किए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। लोगों ने कहा कि इस हादसे ने बिजली सुरक्षा मानकों के पालन की आवश्यकता को फिर से उजागर कर दिया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस घटना से जहां एक परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा, वहीं पूरे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता भी बढ़ गई है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page