वाराणसी
पत्नी की मौत की खबर सुनते ही पति ने तोड़ा दम
वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के प्रेमचंद नगर कॉलोनी में पति-पत्नी के रिश्ते और साथ जीने-मरने की कसमें एक बार फिर सच होती नजर आईं। बीमार पत्नी की मौत की सूचना मिलने के बाद पति ने भी दम तोड़ दिया। जब बेटा मां का शव लेकर घर पहुंचा तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो पिता का शव घर के बाथरूम में पड़ा मिला। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक हाजी सैयद कासिम अहमद रिटायर्ड डाककर्मी थे, जबकि उनका बेटा सैयद कमाल जाफरी पेशे से अधिवक्ता है।
मां को पड़ा था पैरालाइज का अटैक
मां और पिता की मौत से बदहवास कमाल जाफरी ने बताया कि उनकी मां सैयदा बेगम (75) को पैरालाइज का अटैक आया था। वह उन्हें सुबह दीन दयाल अस्पताल लेकर गए थे। उस समय घर पर पिता कासिम जाफरी (85) मौजूद थे। दीन दयाल अस्पताल में हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया था। इसकी जानकारी उन्होंने पिता को दे दी थी। इसके बाद पिता लगातार फोन कर मां का हालचाल पूछ रहे थे और काफी परेशान दिखाई दे रहे थे।
बीएचयू में बीती शाम को हुई मां की मौत
कमाल जाफरी ने बताया कि शाम को बीएचयू में मां सैयदा बेगम की मौत हो गई। इसकी सूचना उन्होंने लखनऊ में रहने वाली बहन फीरोजा जाफरी और रामनगर निवासी बहन तमन्ना जाफरी को दी। इसके बाद वह शव लेकर घर आने की प्रक्रिया में जुट गए। तमन्ना जाफरी भी रामनगर से बीएचयू पहुंच गईं। पिता को भी मां की मौत की सूचना दे दी गई थी। करीब दो घंटे बाद जब वह शव लेकर घर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए।
पुलिस ने तोड़ा दरवाजा, बाथरूम में मिला शव
अधिवक्ता कमाल जाफरी ने रोते हुए बताया कि घर पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद पड़ोसियों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर बाथरूम में रिटायर्ड डाककर्मी हाजी सैयद कासिम जाफरी (85) मृत अवस्था में मिले।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया, लेकिन पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का हवाला देते हुए बुजुर्ग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
