दुर्घटना
पिकअप की टक्कर से दो लोगों की मौत, परिवार में कोहराम
वाराणसी। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र स्थित पिंडरा बाजार में सोमवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा वाराणसी- जौनपुर मार्ग पर मछली मंडी के सामने एक पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 10:45 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, एक पिकअप वाहन जौनपुर से वाराणसी की ओर जा रहा था। वहीं बाइक सवार दो लोग वाराणसी से जौनपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों बाइक सवारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की। शुरुआती जांच में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान चोलापुर थाना क्षेत्र के भोपापुर गांव निवासी सुरेंद्र श्रीवास्तव (75) और आनंद पांडेय (60) के रूप में हुई। दोनों एक ही बाइक पर सवार थे।
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फूलपुर पुलिस ने हादसे में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष विनोद पांडेय ने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक ही गांव के दो लोगों की एक साथ मौत से भोपापुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
