सियासत
महोबा प्रकरण पर कांग्रेस का हमला, भाजपा पर लगाया आवाज दबाने का आरोप
अजय राय के खिलाफ कार्रवाई को कांग्रेस ने बताया राजनीतिक प्रतिशोध
वाराणसी। मैदागिन स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय में जिला/महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी की ओर से महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की धर्मपत्नी श्रीमती रीना राय, महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे तथा जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने संबोधित किया। इस दौरान महोबा की दलित छात्रा के साथ हुई घटना, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ दर्ज एफआईआर और उनके विरुद्ध चलाए जा रहे कथित एआई जनरेटेड वीडियो अभियान को लेकर भाजपा सरकार पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की धर्मपत्नी श्रीमती रीना राय ने कहा कि महोबा में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक दलित छात्रा के साथ हुई अमानवीय घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी पीड़ादायक घटना पर संवेदनशील सरकार को तत्काल न्याय सुनिश्चित करना चाहिए था, लेकिन सरकार पीड़िता को न्याय दिलाने के बजाय उसके समर्थन में आवाज उठाने वालों को निशाना बना रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय स्वयं महोबा जाकर पीड़ित छात्रा और उसके परिवार से मिले, उनका दुख-दर्द सुना और न्याय की लड़ाई में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। यही बात भाजपा सरकार को असहज कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति लगातार प्रदेश में अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ अपराध, युवाओं की समस्याओं और किसानों के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं। उनकी बढ़ती लोकप्रियता और जनसंघर्ष से घबराकर भाजपा अब एआई आधारित भ्रामक वीडियो और झूठे प्रचार का सहारा ले रही है।
रीना राय ने कहा कि सुनियोजित तरीके से उनके पति की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि जनता का ध्यान महोबा की पीड़ित बेटी को न्याय दिलाने के मुद्दे से हटाया जा सके। उन्होंने कहा कि अजय राय हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, दलितों और वंचित समाज की आवाज बनकर संघर्ष करते रहे हैं। भाजपा सरकार उनकी जनस्वीकार्यता और संघर्षशील व्यक्तित्व से भयभीत है। उन्होंने कहा कि झूठे प्रचार और ऐसे हथकंडों से न तो सच दबेगा और न ही न्याय की लड़ाई रुकेगी। कांग्रेस पार्टी महोबा की बेटी को न्याय दिलाने के लिए अंतिम समय तक पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे व जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ दर्ज एफआईआर पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना और प्रतिशोध की भावना से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए एआई तकनीक का दुरुपयोग कर रही है।
उन्होंने कहा कि जब किसी पीड़ित परिवार के साथ खड़े होना और न्याय की मांग करना अपराध माना जाने लगे, तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। अजय राय केवल महोबा ही नहीं, बल्कि प्रदेश के हर उस क्षेत्र में पहुंचे हैं जहां किसी नागरिक के साथ अन्याय हुआ है। चाहे किसानों की समस्याएं हों, युवाओं की बेरोजगारी, एसआईआर में कर्मचारियों की मृत्यु, महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं या प्रतियोगी परीक्षाओं में हुए पेपर लीक से प्रभावित छात्र-छात्राओं की पीड़ा—अजय राय ने हमेशा जनता के बीच जाकर उनकी आवाज बुलंद की है।
उन्होंने कहा कि नीट सहित विभिन्न परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ, तब भी अजय राय युवाओं के बीच पहुंचे और उनकी लड़ाई को मजबूती से उठाया। भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय विपक्षी नेताओं के खिलाफ दुष्प्रचार करने की आदत पड़ चुकी है। एआई जनरेटेड वीडियो के माध्यम से अजय राय की छवि धूमिल करने का प्रयास इसी राजनीतिक हताशा का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि झूठे प्रचार और मुकदमों के माध्यम से जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। भाजपा के अनेक नेता लगातार कांग्रेस नेतृत्व, गांधी परिवार और विपक्षी नेताओं के खिलाफ व्यक्तिगत एवं अमर्यादित टिप्पणियां करते रहे हैं, लेकिन तब भाजपा को राजनीतिक मर्यादा याद नहीं आती।
उन्होंने कहा कि वाराणसी के भाजपा जनप्रतिनिधियों को विपक्ष पर अनर्गल टिप्पणी करने के बजाय काशी की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। शहर में सड़क, जल, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं से जुड़े अनेक मुद्दे आज भी गंभीर बने हुए हैं, लेकिन भाजपा नेताओं को जनता के सवालों से ज्यादा विपक्ष पर हमला करने की चिंता है। उन्होंने कहा कि पहले काशी की मूलभूत जनसमस्याओं पर यहां के जनप्रतिनिधि कार्य करें, फिर विपक्ष पर टिप्पणी करें।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की धर्मपत्नी रीना राय, जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, नेता पार्षद दल गुलशन अंसारी, पार्षद रमजान अली, वकील अंसारी, चंचल शर्मा, अनुराधा यादव, अब्दुल हमीद डोडे, पूनम विश्वकर्मा, ओम शुक्ला, रेणु चौधरी, मो. उजैर, अमित यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
नोट- महोबा की बिटिया को न्याय दिलाने के लिए 25 मई को जिला/महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला मुख्यालय घेराव कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।
