गाजीपुर
पांच नवजातों का अन्नप्राशन, पौधरोपण और विकास योजनाओं की बरसात
सिधौना में खास रही डीएम की चौपाल
सिधौना (गाजीपुर) जयदेश। सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों की जनसमस्याओं का निराकरण ग्राम पंचायत स्तर पर ही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को विकास खंड सैदपुर के ग्राम पंचायत सिधौना में विशेष ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालू’, जो सिधौना के निवासी हैं, उनके निर्देश पर श्रवण मिश्र, राकेश मिश्र एवं उपेंद्र मिश्र ने जिलाधिकारी का अंगवस्त्र एवं भगवान जगन्नाथ की छायाप्रति भेंट कर स्वागत किया। व्यस्त कार्यक्रमों के चलते मंत्री जी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उनके संदेश और निर्देशों की चर्चा पूरे आयोजन के दौरान होती रही।
चौपाल में नाली निर्माण, चक रोड, आवास, सड़क चौड़ीकरण, उत्सव भवन, वरासत, खेल मैदान, पोखरी, पेंशन एवं पेयजल जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि गांव के विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएं।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सिधौना मार्केट से ईशोपुर होते हुए सिधौना गांव तक 50 फीट चौड़ी सड़क को अंडरपास तक विकसित करने का निर्देश दिया। ग्रामीणों ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब रहा जब जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने पांच नवजात बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार अपने हाथों से सम्पन्न कराया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद एवं उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया लगातार उनके साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने इस पल को बेहद भावुक और यादगार बताया।
इसके साथ ही अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत में नवनिर्मित लाइब्रेरी का अवलोकन किया और उसकी सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित होगी।
चौपाल के बाद प्रधान प्रतिनिधि दयाशंकर सिंह ‘दयालू’, समाजसेवा में सक्रिय कृष्णानंद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया तथा अन्य अधिकारियों के साथ मंदिर प्रांगण पहुंचकर सिद्धनाथ महादेव के दर्शन-पूजन भी किए।
कार्यक्रम में सीआरओ वेद सिंह चौहान, तहसीलदार हिमांशु सिंह, कानूनगो विनय कुमार, लेखपाल बालकृष्ण श्रीवास्तव, तेरसू राम, अनुराग भारद्वाज, निखिल कुमार, बीडीओ धर्मेंद्र यादव, वीडीओ अनिल कुमार सिंह, ग्राम प्रधान गीता सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी द्वारा मौके पर दिए गए निर्देशों और विकास कार्यों की पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि सिधौना के विकास कार्य अब तेजी से धरातल पर दिखाई देंगे।
