गाजीपुर
चलती पिकअप में लगी भीषण आग, गृहस्थी का सामान जलकर राख
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। वाराणसी गोरखपुर हाइवे फोरलेन पर थाना क्षेत्र के रामपुर बन्तरा हाइवे गांव के पास शनिवार को दोपहर में करीब 12 बजे चलती पिकअप में अचानक आग लगने से पिकअप में रखा सामान जल कर राख हो गया। आसपास के लोग तथा फायर बिग्रेड के कर्मियों ने आग पर काबू पाया। पिकअप पर लदा बाइक, गैस सिलेंडर,कूलर सहित गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित बैंककर्मी के अनुसार करीब 20 लाख रुपए का नुक़सान हुआ है।

जानकारी के अनुसार गोरखपुर के सोनबरसा बाजार निवासी बैंककर्मी अनुभव सिंह शनिवार को वाराणसी के मरमुरगंज से भदोही निवासी पिकअप चालक अफरोज के साथ अपना गृहस्थी का सामान जिसमें बाइक ,गैस सिलेंडर, कूलर व अन्य सामान रखकर गोरखपुर जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे रामपुर बन्तरा गांव के समीप हाइवे पर आचानक पिकअप में लदे सामान में आग लग गयी। इसकी जानकारी पिकअप चालक को एक राहगीर ने दी तो पिकअप चालक ने पिकअप तुरन्त खड़ा कर दिया। उसमें बैठे दोनों लोग उतर गये। थोड़ी देर में ही पिकअप में रखा सामान धूं -धूं करके जलने लगी।

पिकअप में आग लगने को देखकर आसपास के ग्रामीणों ने पानी फेंककर आग बुझाने लगे। किसी ने इसकी सूचना फायर बिग्रेड और नंदगंज पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस व फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक पिकअप में रखा सामान जल कर राख हो गया। पिकआप की बाडी भी जली है। बैंककर्मी अनुभव सिंह का स्थानान्तरण होने पर वह वाराणसी से पिकअप में अपना सामान लादकर अपने घर गोरखपुर जा रहे थे। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित अनुभव सिंह से तहरीर मिली है। समुचित कार्यवाही की जा रही है। पिकअप में आग कैसे लगी इसका पता नहीं चला।
