Connect with us

वाराणसी

झगड़ा छुड़ाने गए युवक पर जानलेवा हमला, छात्र गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के लंका थाना क्षेत्र के नरिया स्थित शराब की दुकान पर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान साकेत नगर निवासी चंद्रमा पटेल और उनके साथी विवाद शांत कराने पहुंचे। आरोप है कि इसी बीच चंद्रमा पटेल पर हमला कर दिया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने लंका पुलिस को जानकारी दी। मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ पहुंचे और एक युवक को हिरासत में लिया। पकड़ा गया युवक काशी हिंदू विश्वविद्यालय में एमए का छात्र बताया गया है, जो मूल रूप से गाजीपुर का रहने वाला है और विश्वविद्यालय परिसर के बाहर रहता है।

थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि विवाद की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। हिरासत में लिए गए युवक के शराब के नशे में होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, झगड़ा शराब की दुकान के पास हुआ था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मारपीट में शामिल युवक बीएचयू के छात्र बताए जा रहे हैं। घायल चंद्रमा पटेल के भाई चंद्रशेखर ने लंका थाने में आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जानलेवा हमला और प्राणघातक चोट पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता देखी जा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में इस तरह की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Advertisement

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, चंद्रमा पटेल की हालत गंभीर बनी हुई है और परिजन उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page