वाराणसी
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में राजभाषा जागरूकता संगोष्ठी संपन्न
हिंदी में प्रशासनिक कार्य बढ़ाने पर भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान का जोर
राजातालाब (वाराणसी)। आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के शहंशाहपुर स्थित भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में राजभाषा वार्षिक कार्यक्रम 2026-27 के लक्ष्यों को हासिल करने के उद्देश्य से राजभाषा जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई।
संगोष्ठी में संस्थान के सहायक निदेशक (राजभाषा) अभिनव प्रकाश ने अधिकारियों को संविधान में वर्णित राजभाषा संबंधी प्रावधानों, राजभाषा अधिनियम तथा वार्षिक कार्यक्रम 2026-27 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान सभी कार्मिकों के सहयोग से राजभाषा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने की दिशा में कार्य करेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि सभी वैज्ञानिक और अधिकारी अपने प्रशासनिक कार्य हिंदी में करें। उन्होंने पी.एम.ई. अध्यक्ष एवं प्रशासनिक अधिकारी को राजभाषा से जुड़े लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजेश कुमार ने कहा कि संस्थान के समग्र विकास के लिए राजभाषा का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।
संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी बलवीर सिंह ने सभी अनुभागों को हिंदी में अधिकाधिक कार्य करने के लिए प्रेरित किया और सरकार की राजभाषा नीति के पालन पर जोर दिया। वहीं, राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य रामेश्वर सिंह ने राजभाषा के कार्यान्वयन में आने वाली समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन आत्मानंद त्रिपाठी ने किया, जबकि संचालन अभिनव प्रकाश ने किया। संगोष्ठी में अनंत बहादुर सिंह, इन्दीवर प्रसाद, धनंजय प्रताप सिंह, भुवनेश्वरी एस समेत संस्थान के सभी वैज्ञानिक, अधिकारी, कर्मचारी तथा क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र के अधिकारी उपस्थित रहे।
