वाराणसी
बकरीद पर बंद रहेगी बीएचयू ओपीडी इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी चालू
वाराणसी। बीएचयू (Banaras Hindu University) प्रशासन ने बकरीद के अवसर पर 28 मई को विश्वविद्यालय अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी सेवाएं बंद रखने का आदेश जारी किया है। संशोधित अवकाश आदेश जारी होने के बाद छात्रों, कर्मचारियों और मरीजों को नई तिथि की जानकारी दे दी गई है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, पूर्व में अवकाश सूची में 27 मई को बकरीद की छुट्टी निर्धारित की गई थी। बाद में त्योहार की तिथि में परिवर्तन होने पर अवकाश को संशोधित करते हुए 28 मई घोषित किया गया।
इस दिन विश्वविद्यालय के अधिकांश विभागों और कार्यालयों में अवकाश रहेगा।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 28 मई को यदि किसी विभाग या संकाय की परीक्षा पहले से निर्धारित है तो उसका आयोजन तय कार्यक्रम के अनुसार ही किया जाएगा।
परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।वहीं, अस्पताल की आपातकालीन और आवश्यक सेवाएं पूर्ववत संचालित होती रहेंगी। इमरजेंसी सेवाओं, भर्ती मरीजों के उपचार और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संबंधित विभाग खुले रहेंगे, ताकि मरीजों को परेशानी न हो।बीएचयू प्रशासन ने छात्रों, कर्मचारियों और मरीजों से संशोधित अवकाश आदेश को ध्यान में रखते हुए अपने कार्यों की योजना बनाने की अपील की है। अस्पताल प्रशासन ने भी मरीजों को सलाह दी है कि ओपीडी से संबंधित कार्य 28 मई से पहले या बाद में पूरा कर लें।
