Connect with us

वाराणसी

काशी में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। पूर्वांचल सहित काशी में मौसम विभाग ने भीषण गर्मी और हीट वेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का रुख बेहद तल्ख बना रह सकता है। पिछले कई दिनों से जारी हीट वेव की स्थिति को देखते हुए अगले दो दिनों तक रेड अलर्ट घोषित किया गया है।

इसके बाद ऑरेंज और फिर यलो अलर्ट जारी रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि पूर्वांचल और वाराणसी में भीषण गर्मी का असर फिलहाल जारी रहेगा।मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि नौतपा की शुरुआत भले ही 25 मई से होनी है, लेकिन उससे पहले ही वातावरण पूरी तरह तप चुका है।

ऐसे में नौतपा के दौरान गर्मी और अधिक बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार यदि लोकल हीटिंग के कारण बादल सक्रिय नहीं हुए तो नौतपा के नौ दिन और अधिक झुलसाने वाले साबित हो सकते हैं।

हालांकि 25 मई के बाद मौसम सामान्य होने के संकेत भी दिए गए हैं। मौसम विभाग ने लगातार चार दिनों तक हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की है।शुक्रवार सुबह से ही वातावरण में नमी कम रही और सुबह नौ बजे के बाद गर्मी का असर तेज होने लगा।

सुबह 11 बजे से लू चलनी शुरू हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अनुमान है कि दोपहर के समय मौसम और अधिक कठोर हो सकता है, जबकि रात में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

Advertisement

हल्के बादलों की गतिविधि जरूर देखी जा रही है, लेकिन इससे मौसम पर अधिक असर पड़ने की उम्मीद नहीं है।बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री ज्यादा है।

वातावरण में न्यूनतम आर्द्रता 15 प्रतिशत और अधिकतम 61 प्रतिशत दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान सामान्य से अधिक और नमी कम होने के कारण लोकल हीटिंग का असर बढ़ गया है, जिससे लू और गर्मी की तीव्रता अधिक महसूस हो रही है।भीषण गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है।

दोपहर के समय सड़कें और बाजार सूने नजर आए, जबकि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते दिखे। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page