पूर्वांचल
गाली का विरोध करने पर जानलेवा हमला, महिला समेत पांच घायल
संतकबीरनगर। जनपद के करही गांव में बुधवार की शाम पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दुधारा थाना क्षेत्र के करही गांव में दबंगों द्वारा एक ही परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में महिलाओं और बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सेमरियावां भेजवाया, जहां एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गाली-गलौज का विरोध करने पर भड़के आरोपी
पीड़ित अब्दुल कलाम पुत्र मोहम्मद कासिम ने दुधारा पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 20 मई 2026 की शाम करीब छह बजे गांव के कुछ लोग पारिवारिक विवाद को लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। जब इसका विरोध किया गया तो आरोपी उग्र हो गए और पहले से तैयार लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
पत्नी और बच्चों पर भी किया हमला
अब्दुल कलाम को बचाने के लिए जब परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला बोल दिया। मारपीट की इस घटना में पत्नी खालिदा खातून, बेटे मोहम्मद उजैफा और मोहम्मद हारिस तथा बेटी उम्मे असरा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत कराया गया। आरोप है कि जाते समय हमलावर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी देकर गए।
महिला की हालत नाजुक, जिला अस्पताल रेफर
घटना में घायल खालिदा खातून के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सीएचसी सेमरियावां में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि अधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
