सियासत
मुख्यमंत्री विजय से मिले कमल हासन, साउथ सिनेमा के लिए रखीं छह बड़ी मांगें
चेन्नई। साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात कर फिल्म उद्योग से जुड़ी छह प्रमुख मांगें रखीं। अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने मुख्यमंत्री को एक मेमोरेंडम सौंपते हुए तमिल फिल्मों, डॉक्यूमेंट्री और इंडिपेंडेंट सिनेमा के लिए सरकारी ओटीटी प्लेटफॉर्म शुरू करने की मांग की।
कमल हासन ने शनिवार को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की और साउथ सिनेमा में सुधार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए छह मांगों का उल्लेख भी किया।
कमल हासन की प्रमुख मांगों में सरकारी तमिल ओटीटी प्लेटफॉर्म की शुरुआत, चार प्रतिशत एंटरटेनमेंट टैक्स खत्म करना, पायरेसी रोकने के लिए एंटी पायरेसी टीम का गठन, थिएटरों में फिल्मों के लिए प्रतिदिन पांच शो सुनिश्चित करना, थिएटर और ओटीटी रिलीज के बीच आठ सप्ताह का अंतर रखना तथा फिल्म प्रोडक्शन इंसेंटिव योजना लागू करना शामिल है।

इससे पहले कमल हासन ने मुख्यमंत्री विजय (Chandrasekaran Joseph Vijay) को बधाई देते हुए राज्य में शराब की दुकानों को बंद करने के फैसले की सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि तमिलनाडु की नई सरकार द्वारा 717 शराब की दुकानों को बंद किया जाना स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने इसे लंबे समय से लंबित निर्णय बताते हुए कहा कि अब इसे लागू किया गया है, जो सराहनीय है। कमल हासन ने यह भी कहा था कि विजय को केवल फिल्म स्टार के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि उनके ऊपर और भी जिम्मेदारियां हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो कमल हासन (Kamal Haasan) के पास कई बड़ी फिल्में पाइपलाइन में हैं। वह रजनीकांत (Rajinikanth) के साथ ‘थलाइवर’ पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा उनके पास ‘विक्रम 2’, ‘केएच X आरके रीयूनियन’, ‘केएच 233’, ‘थेवर मेगन 2’, ‘इंडियन 3’ और ‘डी 55’ जैसी फिल्में हैं। अभिनेता ‘कल्कि 2898 एडी पार्ट 2’ में खलनायक की भूमिका में भी नजर आएंगे।
