Connect with us

गोरखपुर

अवैध संबंध के शक में बड़े ने छोटे भाई को मारी गोली

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पत्नी से अवैध संबंध होने के शक में एक युवक ने अपने ही छोटे भाई को गोली मार दी। गोली युवक के गले में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पिस्टल समेत गिरफ्तार कर लिया। घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, बेलीपार गांव निवासी धर्मेंद्र पाल के बेटे रोशन पाल को काफी समय से अपनी पत्नी और छोटे भाई रोहन पाल के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी संदेह को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद और कहासुनी होती रहती थी। परिवार और गांव के लोगों ने कई बार दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 11 बजे एक बार फिर इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि रोशन पाल अपना आपा खो बैठा। आरोप है कि उसने अचानक पिस्टल निकालकर छोटे भाई रोहन पाल पर फायर कर दिया। गोली सीधे रोहन के गले में जा लगी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही बेलीपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मौके से आरोपी रोशन पाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।

Advertisement

एसपी साउथ दिनेश कुमार पूरी ने बताया कि दोनों भाई गांव में रहकर मजदूरी करते हैं, जबकि उनके पिता धर्मेंद्र पाल पुणे में पेंट-पॉलिश का काम करते हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page