वाराणसी
पुराने कर्मचारी पर 48 लाख रुपये के फाइन गोल्ड चोरी का आरोप
वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के ठठेरी बाजार स्थित एक सर्राफा कारोबारी ने अपने पूर्व कर्मचारी और उसके परिवार के खिलाफ लगभग 48 लाख रुपये मूल्य का फाइन गोल्ड गायब करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बंसती कटरा, ठठेरी बाजार स्थित एन.डी. सर्राफ ज्वेल्स होलसेल प्रा. लिमिटेड के निदेशक राधाकृष्ण अग्रवाल ने बताया कि उनकी एक शाखा प्रयागराज के मीरगंज में भी संचालित है। कंपनी में लगभग 20 वर्षों से कार्यरत कर्मचारी सकलदीप यादव बीते 26 मार्च को प्रयागराज शाखा से स्वर्ण आभूषण और 319.340 ग्राम फाइन गोल्ड लेकर वाराणसी के लिए रवाना हुआ था। आरोप है कि फाइन गोल्ड और आभूषण को एक झोले में रखकर बैग में सुरक्षित ढंग से दिया गया था। शाम करीब साढ़े सात बजे सकलदीप चौक स्थित दुकान पहुंचा।
अगले दिन कर्मचारी दीपक अग्रहरी ने बैग खोलकर सामान का मिलान किया तो उसमें रखा फाइन गोल्ड गायब मिला। वहीं, इस मामले में थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
