गाजीपुर
नंदगंज में आंधी-पानी से बिजली आपूर्ति बाधित
नंदगंज उपकेन्द्र के सभी फीडरों की लाइन ठप, केवल नंदगंज टाउन ठीक
सुबह मेनलाइन में पुनः आया फाल्ट
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। नंदगंज एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार के अपरान्ह आई तेज आंधी-पानी के कारण नंदगंज पावर हाउस से जुड़े इलाकों की बिजली व्यवस्था धाराशायी हो गई। नंदगंज पावर हाउस के बाघी फीडर के हरखौली गांव के बाहर बबूल का पेड़ बिजली के तार पर गिर जाने से बाघी फीडर की लाइन बाधित हो गई है। अन्य सभी फीडरों की भी विद्युत आपूर्ति बाधित है।

बताया जा रहा है कि हरखौली गांव के बाहर बबूल का पेड़ बिजली के तीनों तार पर गिरने से तार क्षतिग्रस्त हो गये हैं। नंदगंज उपकेन्द्र के कुसुम्हींकला, बाघी, मैनपुर तथा नंदगंज ग्रामीण फील्डरों की लाइन बुधवार से ही ठप है। केवल नंदगंज टाउन फीडर को किसी तरह रात करीब 12 बजे के बाद चालू किया जा सका। गुरुवार को नंदगंज पावर हाउस की आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त लाइनों का मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।

नंदगंज उपकेन्द्र के अवसर अभियंता राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि आंधी पानी से बाधित लाइनों को विद्युत कर्मी क्षतिग्रस्त तारों को ठीक करने में जुटे हुए हैं, ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जा सके। इसके अलावा क्षेत्र में कई अन्य स्थानों पर भी आंधी-पानी के कारण बिजली लाइन बाधित होने की सूचना मिल रही है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत विभाग द्वारा सभी प्रभावित स्थानों पर मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है। अभी अभी पता चला है कि नंदगंज उपकेन्द्र पर सादात पावर हाउस से आने वाली मेन लाइन में भी फाल्ट में आ गयी है।
