गाजीपुर
टैंकर ने एसयूवी को मारी टक्कर, जनहानि टली
सादात (गाजीपुर) जयदेश। जिले के सादात में बीती रात एनएच 124D सड़क पर एक टैंकर और एसयूवी कार की टक्कर हो गई। यह हादसा सड़क निर्माण कार्य में लगे टैंकर से हुआ। गनीमत रही कि दोनों वाहनों की गति धीमी रही, जिससे टैंकर चालक और कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, बहरियाबाद थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी स्वर्गीय बलिराम यादव की पत्नी रमनी देवी का शव लेकर ग्रामवासी सैदपुर स्थित श्मशान घाट जा रहे थे। इसी दौरान एसबीआई शाखा के पास यह दुर्घटना हुई। दक्षिण दिशा से आ रहे सड़क निर्माण कार्य में लगे कंस्ट्रक्शन कंपनी के टैंकर और कार में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
कार चालक राजेश यादव, मृतका के पौत्र राधे यादव, सतिराम यादव और श्यामनारायण यादव सहित अन्य लोग बाल-बाल बच गए। कार सवार लोगों ने आरोप लगाया है कि टैंकर चालक ने गलत दिशा में आकर उनकी गाड़ी में टक्कर मारी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
