गोरखपुर
बारात से लौटते समय सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत
गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डाड़ी खास से बीते शनिवार को जय प्रजापति के लड़के की बारात भर्रोह गई थी। उसी बारात में डांडी खास निवासी दिलीप जायसवाल (50) बाइक से बारात में गए थे। उनकी बाइक पर पीछे बड़हलगंज थाना के नीबी निवासी उनके ही बहनोई राजेश जायसवाल बैठे थे। रात 10 बजे वह बारात से घर की तरफ आ रहे थे। तभी उनकी बाइक में पीछे से अज्ञात वाहन ने जोरदार ठोकर मार दी। ठोकर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार नीचे मुंह के बल गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। दोनों घायलों को शीघ्र बड़हलगंज एक निजी अस्पताल पर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दिलीप जायसवाल को मृत घोषित कर दिया। उनके बहनोई राजेश का इलाज वहीं चल रहा है। गोला पुलिस शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।
दिलीप को एक पुत्र विशाल (उम्र 22 वर्ष) और दो लड़कियां हैं। एक लड़की का विवाह हो चुका है। दूसरी लड़की सुधा का विवाह अभी नहीं हुआ है। जैसे ही दिलीप जायसवाल की मृत्यु की खबर डाड़ी खास उनके घर पहुंची, घर में कोहराम मच गया। डाड़ी खास में मातम पसरा हुआ है। दिलीप डाड़ी चौराहे पर किराना की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह काफी मिलनसार और सज्जन स्वभाव के व्यक्ति थे।
भांजी की शादी में शामिल होने आया था राजेश
डांडी खास निवासी दिलीप जायसवाल के बहनोई बड़हलगंज थाना के नीबी निवासी राजेश जायसवाल गुजरात में कारोबार करते हैं। वह गुजरात से डाड़ी खास आकर दिलीप के घर रुके थे। राजेश की बहन का विवाह गगहा थाना क्षेत्र के धर्मसेन में हुआ है। बहन की पुत्री का विवाह गोला बाजार के एक निजी मैरेज हाल में शनिवार को ही था। जय प्रजापति ने भी राजेश को बारात जाने के लिए आमंत्रित किया था। दिलीप और राजेश पहले गोला मैरेज हाल पर गए। बहन के यहां इमली घोटउवा कार्यक्रम सम्पन्न कराया। उसके बाद दोनों बारात चले गए। रात 10 बजे ही घर वापस आते समय भर्रोह में ही दुर्घटना हो गई, जिसमें दिलीप जायसवाल की मृत्यु हो गई।
