Connect with us

गोरखपुर

माध्यमिक शिक्षक संघ का तीन दिवसीय प्रांतीय महाधिवेशन छह मई से

Published

on

Loading...
Loading...

शिक्षा की चुनौतियों पर मंथन, ‘शिक्षा बचाओ अभियान’ की होगी शुरुआत

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई) का तीन दिवसीय प्रांतीय महाधिवेशन 6, 7 और 8 मई 2026 को गोरखपुर के एनई रेलवे ऑडिटोरियम, महाप्रबंधक कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी संघ के प्रधान प्रांतीय संरक्षक जगदीश पांडेय ठकुराई ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि महाधिवेशन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 1500 शिक्षक प्रतिनिधि भाग लेंगे और शिक्षा व शिक्षक हितों से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

महाधिवेशन को पांच सत्रों में विभाजित किया गया है। पहले सत्र में उद्घाटन, दूसरे में अध्यक्षीय उद्बोधन होगा। तीसरे सत्र में “शिक्षा की चुनौतियां और शिक्षकों का दायित्व” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें शिक्षाविदों और विशेषज्ञों की सहभागिता रहेगी।

चौथे सत्र में विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से जुड़े प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे, जिन पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा। अंतिम सत्र में इन प्रस्तावों को पारित कर मांग पत्र तैयार किया जाएगा और आगे के संघर्ष की रूपरेखा तय की जाएगी।

Advertisement

इस दौरान संघ द्वारा एक बड़े जनांदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। “गांव-गांव तक शिक्षा बचाओ अभियान” चलाकर छात्रों, अभिभावकों और आम जनता को इससे जोड़ा जाएगा, ताकि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।

प्रेस वार्ता में प्रांतीय मंत्री एवं महाधिवेशन संयोजक डॉ. अजय कुमार पाण्डेय, सह संयोजक सत्यपाल सिंह और डॉ. शोभित श्रीवास्तव, प्रदेशीय कार्यकारिणी सदस्य जगताशरण, देवेंद्र प्रताप सिंह गौतम, संरक्षक रमेश सिंह, मंडल अध्यक्ष दुर्गेश दत्त पाण्डेय, मंडल मंत्री डॉ. डी.एन. पाण्डेय समेत कई जिलों के पदाधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।

महाधिवेशन संघ के प्रांतीय नेतृत्व की अध्यक्षता में आयोजित होगा, जिसमें प्रांतीय महामंत्री लालमणि द्विवेदी, कोषाध्यक्ष अयोध्या प्रसाद अग्रवाल सहित प्रदेश, मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

संघ पदाधिकारियों का कहना है कि यह महाधिवेशन शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण निर्णयों का मंच बनेगा।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page