Connect with us

गोरखपुर

फर्जी बैनामा गैंग पर शिकंजा, गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। जनपद में फर्जी बैनामा और जमीन हड़पने के संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। थाना गुलरिहा पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी सूर्यसांत उर्फ सूर्यकान्त को पकड़ लिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई।

पुलिस के मुताबिक, सूर्यसांत उर्फ सूर्यकान्त पुत्र रामहरि, निवासी जंगल एकला नंबर 2 बिचला टोला, थाना गुलरिहा, लंबे समय से फरार था। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष गुलरिहा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आदर्श पाण्डेय व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार किया।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह संचालित कर रहा था। यह गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार कर वास्तविक कास्तकार के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर जमीन का बैनामा कराता था और इस प्रक्रिया के माध्यम से बड़ी रकम की उगाही करता था। गिरोह द्वारा विशेष रूप से गरीब और अनजान लोगों को निशाना बनाया जाता रहा है।

इस संबंध में थाना गुलरिहा में गैंगस्टर एक्ट की धारा 2(b)(1), 2(b)(XI) एवं 3(1) के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़े प्रकरणों में भादवि की धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120B, 504 और 506 के तहत भी पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से जमीन माफिया गिरोह की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page