वाराणसी
प्रधानमंत्री का दो दिवसीय काशी दौरा 27 अप्रैल को प्रस्तावित
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि वे बंगाल विधानसभा चुनाव के द्वितीय चरण के प्रचार समाप्त होने के बाद काशी पहुंचेंगे। इसकी तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर शुरू हो चुकी हैं और हलकों में इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। इस दौरान वे देश के साथ-साथ बंगाल के लिए भी संदेश दे सकते हैं।
दूसरी ओर, पीएमओ की टीम ने गुरुवार को ऑनलाइन बैठक कर काशी के समग्र विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक का सिलसिला शुक्रवार और शनिवार को भी जारी रहने की संभावना है। टीम की विशेष नजर सोशल सेक्टर की योजनाओं पर है। माना जा रहा है कि इसी के आधार पर लोकार्पण और शिलान्यास की परियोजनाओं की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में इस समय 17 हजार 862 करोड़ रुपये की लागत से 127 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनमें से कई परियोजनाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। इनमें से करीब 3000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है।
लोकार्पण सूची में कज्जाकपुरा आरओबी प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा कादीपुर में रेल ओवरब्रिज, चंद्रावती क्षेत्र में विकास कार्य, यूपी कालेज में एस्ट्रो टर्फ, भगवानपुर में 55 एमएलडी का एसटीपी, काली मंदिर पांडेयपुर से आजमगढ़ संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण, बीएचयू में सीसीयू तथा रामनगर में वृद्धा आश्रम जैसी परियोजनाएं शामिल हो सकती हैं।
वहीं शिलान्यास के अंतर्गत नगर निगम का 97 करोड़ रुपये लागत का बहुप्रतीक्षित भवन, लोहता में 274.31 करोड़ रुपये की लागत से 60 एमएलडी का एसटीपी, 18 वार्डों में 259 करोड़ रुपये की सीवर एवं पेयजल परियोजना, लगभग 1800 करोड़ रुपये की लागत से राजघाट पुल और रेलवे लाइन, तथा कबीरचौरा में मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल जैसी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।
