गोरखपुर
बारह टन सरिया लेकर फरार चालक गिरफ्तार
गोरखपुर। जनपद के सहजनवा क्षेत्र में सरिया चोरी के एक बड़े मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 12.50 टन चोरी का सरिया बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल को गीडा स्थित गैलेंट इस्पात फैक्ट्री से एक डीसीएम वाहन पर 12.50 टन सरिया लादकर उसे लखीमपुर खीरी के ढकरवा स्थित सूरज ट्रेडिंग कंपनी के लिए रवाना किया गया था। लेकिन रास्ते में ही डीसीएम चालक माल लेकर फरार हो गया। काफी समय तक जब सरिया गंतव्य तक नहीं पहुंचा, तो मामले की जानकारी होने पर संबंधित पक्ष ने सहजनवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक और वाहन मालिक के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी।
इसी क्रम में गुरुवार को सहजनवा थाना प्रभारी महेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। टीम में उपनिरीक्षक सुरेश यादव, कांस्टेबल पारस यादव और रुद्र सिंह शामिल थे। गश्त के दौरान गीडा सेक्टर-26 क्षेत्र में एक संदिग्ध डीसीएम वाहन दिखाई दिया, जिस पर सरिया लदा हुआ था।
पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से कागजात मांगे, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और हिचकिचाने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो चालक ने स्वीकार किया कि वाहन पर लदा सरिया चोरी का है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी चालक प्रमोद कुमार पुत्र नेमचंद, निवासी अजीजपुरा थाना रोजा, जिला शाहजहांपुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12.50 टन सरिया बरामद करते हुए डीसीएम वाहन को भी कब्जे में ले लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है। सहजनवा पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
