Connect with us

गाजीपुर

पुलिस मुठभेड़ में फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर (जयदेश)। जनपद के थाना सैदपुर क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने फायरिंग की घटना में शामिल एक अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मु0अ0सं0 114/2026 धारा 109(1) बीएनएस से संबंधित मामले में की गई, जिसमें अभियुक्त के कब्जे से एक नाजायज .32 बोर पिस्टल, एक जिन्दा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को थाना सैदपुर क्षेत्र में ग्राम पियरी के पास हाईवे पर हुई फायरिंग की घटना के संबंध में मुखबिर से मिली सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई। घटनास्थल का निरीक्षण और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर अभियुक्त की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देते हुए 13 अप्रैल 2026 को अभियुक्त रोहन यादव को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तारी के बाद जब घटना में प्रयुक्त पिस्टल की बरामदगी की जा रही थी, उसी दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रोहन यादव पुत्र अशोक यादव, निवासी आनापुर सरैया थाना करण्डा, गाजीपुर, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक जिन्दा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें थाना सैदपुर, रामपुर मांझा, नन्दगंज और मरदह के अंतर्गत दर्ज प्रकरण शामिल हैं। इन मामलों में बीएनएस, भादवि, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराएं सम्मिलित हैं।

Advertisement

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी और उपनिरीक्षक विद्याधर तिवारी सहित थाना सैदपुर की पुलिस टीम शामिल रही। मीडिया सेल, जनपद गाजीपुर द्वारा इसकी पुष्टि की गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page