वाराणसी
अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा का स्वच्छता व दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित
वाराणसी। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई द्वारा सोमवार को स्वच्छता एवं दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में तथा स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत महानगर अध्यक्ष द्वारा अंबेडकर जी की प्रतिमा की साफ-सफाई कर माल्यार्पण से की गई। इसके पश्चात कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर प्रतिमा परिसर के आसपास दीप प्रज्वलित कर उसे सजाया गया। मौके पर उपस्थित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने “बाबा साहेब अमर रहें”, “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” तथा “हर-हर महादेव, वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन और उनके विचार समाज को समानता और समरसता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि दीप प्रज्वलन का यह आयोजन उनके दिखाए न्यायपूर्ण मार्ग को प्रकाशित करने का एक छोटा प्रयास है। उन्होंने बाबा साहेब को स्वतंत्र भारत के प्रथम कानून मंत्री बताते हुए कहा कि उनकी परिकल्पना थी कि सभी को समान रूप से न्याय प्राप्त हो।
उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर प्रतिमा परिसर की साफ-सफाई की गई, जो प्रधानमंत्री के ‘स्वच्छ भारत’ संकल्प के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बाबा साहेब के सम्मान में विकसित ‘पंचतीर्थ’ उनके योगदान को चिरस्थायी बना रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत महापुरुषों के स्मारकों के सुंदरीकरण के लिए 403 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, जो दलितों एवं पिछड़ों के उत्थान के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्षों से परिपूर्ण रहा और उनका तिरंगे से गहरा संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि गुलामी का एक बड़ा कारण समाज का जाति-आधारित विभाजन रहा है, जिसे समाप्त करना आवश्यक है। उन्होंने छुआछूत और जाति-पांति को खत्म करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने अंबेडकर प्रतिमा के पास स्थित पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए अपनी निधि से एक करोड़ रुपये देने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक एडवोकेट अशोक जाटव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश मधुप सिंह ने किया। इस दौरान चंद्रशेखर उपाध्याय, जगदीश त्रिपाठी, रचना अग्रवाल, अभिषेक मिश्रा, मधुकर चित्रांश, जेपी सिंह, अवधेश राय, जितेंद्र लालवानी, बृजेश चौरसिया, मनोज सोनकर, सोमनाथ मौर्य, शैलेंद्र सिंह, अवनीश पाण्डेय, संदीप श्रीवास्तव, संजय कुमार, दिनेश यादव, शिव शंकर यादव, अरुण प्रेमी, बलिराम कनौजिया, किशन कनौजिया, अभिषेक सोनकर, सिद्धार्थ सिंह, दिलीप साहनी, रंजीत रावत, शशांक अग्रवाल, जितेंद्र सोनकर, विवेक सिंह, अशोक कुमार पाण्डेय, प्रमील पाण्डेय सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
