वाराणसी
लच्छापुर हत्याकांड का मुख्य आरोपी देवर गिरफ्तार, दहेज हत्या में चार पर मुकदमा
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के लच्छापुर गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी देवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए पति समेत चार लोगों को नामजद किया है। घटना के बाद गांव में शोक व तनाव का माहौल बना हुआ है।
मिर्जामुराद पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर लच्छापुर निवासी अजीत पटेल (36) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी अजीत पटेल ने अपनी भाभी पूनम पटेल पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी थी। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतका पूनम पटेल (32) की शादी 28 जून 2020 को लच्छापुर निवासी सुजीत पटेल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का यह भी आरोप है कि देवर अजीत पटेल उसके साथ अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ करता था।
बताया गया कि 10 अप्रैल को पूनम ने अपने मायके वालों को फोन कर प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके अगले दिन 11 अप्रैल को परिजनों को उसकी हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पूनम मृत अवस्था में मिली, जबकि अन्य ससुरालीजन फरार थे।
मृतका के पिता मुन्ना पटेल निवासी अमिनी (मिर्जामुराद) की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी देवर अजीत पटेल, पति सुजीत पटेल, ससुर तेज बहादुर और सास मुनका देवी के खिलाफ दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच दहेज हत्या और पारिवारिक विवाद दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। फॉरेंसिक साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
