पूर्वांचल
जल संकट के प्रति चेतना: गोरखपुर से खलीलाबाद तक निकली साइकिल यात्रा
संतकबीरनगर। पूरी दुनिया जल संकट की ओर तेज से बढ़ रही है, ऐसे में जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। यदि समय रहते पानी के महत्व को नहीं समझा गया, तो भविष्य में गंभीर हालात पैदा हो सकते हैं। सृष्टि और पर्यावरण के संतुलन के लिए जल का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है।
इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गोरखपुर की मार्निंग साइकिल क्लब के सदस्यों ने रविवार को साइकिल यात्रा का आयोजन किया। सुबह 6 बजे गोरखपुर के राप्तीनगर से महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया।
लगभग 80 किलोमीटर की इस यात्रा के दौरान टीम गीडा, सहजनवा और कबीर निर्वाण स्थली मगहर होते हुए खलीलाबाद पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई और पानी बचाने के प्रति जागरूक किया गया।
टीम में राजवीर सिंह, पंकज श्रीवास्तव, अखिलेश उपाध्याय, अरुण बथवाल, राजन श्रीवास्तव, विक्रम श्रीवास्तव, उद्देश्य पांडेय, अतुल विशेन, अभिषेक श्रीवास्तव, अनुराग दुबे, विजय श्रीवास्तव, राहुल सिंह और राजेश पांडेय सहित कई सदस्य शामिल रहे।
खलीलाबाद स्थित मां समय जी मंदिर पहुंचने पर टीम का स्वागत किया गया। यहां जिला अस्पताल के एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. संतोष त्रिपाठी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने माल्यार्पण कर सम्मानित किया और अंगवस्त्र भेंट किया। इसके बाद सभी को अल्पाहार कराया गया।कार्यक्रम के दौरान टीम के संयोजक अखिलेश उपाध्याय ने कहा कि जल संरक्षण के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस मुहिम से जुड़कर पानी बचाने का संकल्प लें।
