गोरखपुर
अहिरौली गांव में दबंगों ने गेहूं लेकर घर लौट रहे परिवार पर किया हमला
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में बीती रात लगभग 9 बजे खेत की कटाई कराकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से गेहूं घर ले जाते समय गांव के मनबढ़ों ने अपने दरवाजे के सामने ट्रैक्टर रोककर ट्रैक्टर के साथ जा रहे महेंद्र प्रसाद एवं उनके परिजनों को जातिसूचक गाली देते हुए जान मारने की नीयत से लाठी-डंडा एवं रॉड से मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर अगल-बगल के लोग पहुंचकर बीच-बचाव किए। घटना की सूचना पाते ही 112 नम्बर की पुलिस और थानाध्यक्ष गोला राकेश रोशन मय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल महेंद्र प्रसाद अपने परिजनों के साथ गोला थाने पर पहुंचकर लिखित तहरीर दी है।
प्राप्त विवरण के अनुसार अहिरौली प्रथम गांव निवासी महेंद्र प्रसाद धोबी ने गोला थाने में लिखित तहरीर देते हुए लिखा है कि रविवार की रात लगभग समय 9 बजे हम गेहूं की फसल कटवाकर गेहूं ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लेकर जा रहे थे कि गांव में ट्रैक्टर पहुंचते ही गांव के ही इब्राहिम, तौफीक, दानिश, अयान एवं उनके घर की औरतें उपरोक्त लोग मौके पर आकर ट्रैक्टर जाने से रोकने लगे। जब मैंने पूछा कि क्यों रोक रहे हैं। इस बात पर उपरोक्त लोग भद्दी-भद्दी जातिसूचक गाली देते हुए मुझे, मेरे लड़के अजय कुमार, शशिकांत एवं लड़की ममता, दामाद नागेंद्र को जान मारने की नीयत से लाठी-डंडा और रॉड से सिर पर प्रहार कर दिया। जिससे हम सभी लोग घटना स्थल पर गंभीर रूप से घायल होकर मरणासन्न हो गए। शोर सुनकर अगल-बगल के लोग पहुंचकर किसी तरह बीच-बचाव किया। जाते समय उपरोक्त लोग जान से मारने की धमकी देते हुए गए। घायलों ने जरिए तहरीर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही करने का आग्रह किया है।
इस प्रकरण पर थानाध्यक्ष गोला राकेश रोशन का कहना है कि घटना संज्ञान में है। पुलिस घटना स्थल पर सूचना मिलते ही पहुंची थी। घायल लोगों को थाने पर बुलाया गया है। विधि सम्मत कार्यवाही की जाएगी।
