वाराणसी
सड़क पर गिरते ही युवक ने तोड़ा दम
वाराणसी। जनपद के जंसा थाना क्षेत्र स्थित स्थानीय सब्जी मंडी के समीप शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक 25 वर्षीय युवक की अचानक सड़क पर गिरने से मौत हो गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक कुछ समय से असहज अवस्था में सड़क पर इधर-उधर भटकता दिखाई दे रहा था। इसी दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही जंसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान हरसोच गांव निवासी अनिल पटेल (25 वर्ष), पुत्र नंदलाल पटेल के रूप में की गई है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोगों का मानना है कि युवक की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने या किसी गंभीर बीमारी के कारण हुई हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
