वाराणसी
सड़क किनारे पड़ा मलबा, जिम्मेदारों की उदासीनता उजागर
वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-31) पर बाबतपुर स्थित इंडियन ऑयल गैस प्लांट के समीप जमालपुर क्रॉसिंग के पास सड़क निर्माण के बाद छोड़ा गया मलबा राहगीरों के लिए खतरे का कारण बन गया है। स्थानीय लोगों ने इस स्थिति को लेकर बड़े हादसे की आशंका व्यक्त की है।
जानकारी के अनुसार, लगभग एक महीने पहले इस क्रॉसिंग को बंद करने के उद्देश्य से सड़क की खुदाई कराई गई थी। इसके बाद करीब एक सप्ताह पहले रेलिंग लगाकर क्रॉसिंग के आधे से अधिक हिस्से को अवरुद्ध कर दिया गया, जबकि छोटे वाहनों के आवागमन के लिए लगभग 15 फीट का मार्ग खुला छोड़ा गया। खुदाई के दौरान निकला मलबा सर्विस रोड के किनारे ही पड़ा रहने से मार्ग और संकरा हो गया है।
इस सर्विस रोड से प्रतिदिन हजारों छोटे और बड़े वाहन गुजरते हैं। क्रॉसिंग के समीप पहले ही वाहनों की गति धीमी रहती है, वहीं सड़क किनारे पड़े मलबे के कारण चालकों को बीच रास्ते से गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वाहन चालक संतुलन खोने से बाल-बाल बचे हैं।
क्षेत्रीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा मलबा हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। रात के समय अपर्याप्त रोशनी के कारण स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण हो जाती है।
इस संबंध में एनएचआई के साइट इंजीनियर कन्हैया लाल गुप्ता ने बताया कि रेलिंग की सुरक्षा के उद्देश्य से मलबा अस्थायी रूप से रखा गया था, ताकि कोई वाहन उससे टकराकर क्षति न पहुंचाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक-दो दिनों के भीतर जेसीबी मशीन के माध्यम से सभी अवरोध हटाकर सड़क को पूरी तरह सुरक्षित बना दिया जाएगा।
