वाराणसी
तेज रफ्तार कार ट्रेलर से टकराई, एयरबैग खुलने से बची चालक की जान
वाराणसी। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत हरहुआ ओवरब्रिज पर देर रात लगभग 2 बजे एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेलर वाराणसी से बाबतपुर की दिशा में जा रहा था। काजीसराय बाजार के पास ओवरब्रिज से नीचे उतरते समय पीछे से आ रही तेज गति की कार ने ट्रेलर के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का पिछला चार पहिया क्षतिग्रस्त होकर जाम हो गया, जबकि कार ट्रेलर के पीछे बुरी तरह फंस गई।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक शुभम यादव तथा परिचालक कृष्ण कुमार यादव, निवासी गोसाईगंज, अयोध्या ने तत्काल वाहन रोका और कार में फंसे चालक शुभम गायकवाड़ (22 वर्ष), निवासी लंका को बाहर निकालने का प्रयास किया। साथ ही डायल 112 और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस और बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची। घायल चालक को वाहन से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरहुआ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार अत्यधिक तेज गति में थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा। चालक ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, जिसके कारण टक्कर के बाद कार के दोनों एयरबैग खुल गए और उसकी जान बच सकी। एक मोटरसाइकिल सवार ने बताया कि कार उसकी बाइक को भी चपेट में ले सकती थी, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
बड़ागांव पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी विवेकानंद द्विवेदी के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
