Connect with us

गाजीपुर

स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल सोनहरा में वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न

Published

on

Loading...
Loading...

दुल्लहपुर (गाजीपुर) जयदेश। जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के सोनहरा स्थित स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्तियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केदार नाथ सिंह (पूर्व विधान परिषद सदस्य, स्नातक क्षेत्र वाराणसी) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भानु प्रताप सिंह ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अटल सिंह द्वारा की गई।इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. रामबृक्ष सिंह यादव भी दीप प्रज्वलन के समय विशेष रूप से मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।

कार्यक्रम का सफल संचालन अखिलेश कुशवाहा ने किया, जिन्होंने पूरे आयोजन को आकर्षक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत किया। इस दौरान मंच पर प्रमुख रूप से प्रवीण कुमार सिंह, अक्षय लाल गुप्ता, मनोज सिंह जी, विपिन सिंह एवं अखिलानंद सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

वहीं कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुधाकर सिंह कुशवाहा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य (भाजपा) श्रवण सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज यादव एवं रामलखन मौर्य भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक आशुतोष सिंह (आशु जी) द्वारा सभी अतिथियों का स्वामी विवेकानंद की तस्वीर, अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया, जिसे सभी ने सराहा।

Advertisement

इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश सोनकर ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है, जो अत्यंत सराहनीय पहल है। वहीं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल कुमार पांडे ने शिक्षा में बेटियों की भागीदारी पर विशेष जोर देते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के साथ-साथ बच्चियों की शिक्षा को भी प्राथमिकता दें। विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया और तालियों की गूंज से पूरा परिसर गूंज उठा।

अंत में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अटल सिंह ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा करते हुए विद्यालय एवं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रबंधक आशुतोष सिंह (आशु जी) ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page