गोरखपुर
किसान परिवार के बेटे अनूप नायक बने सब रजिस्ट्रार, यूपीपीसीएस में 6वीं बार में मिली सफलता
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला तसील क्षेत्र के ग्राम दलुआ निवासी अनूप नायक का चयन यूपीपीसीएस 2024 में सब रजिस्ट्रार पद पर होने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले अनूप की इस सफलता को संघर्ष, धैर्य और लगातार प्रयास की मिसाल माना जा रहा है। अनूप, क्षेत्र पंचायत सदस्या मनभावती एवं कृष्णमुरारी के पुत्र हैं। उनके पिता ट्यूबवेल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति भी बहुत सुदृढ़ नहीं रही है। दो भाइयों में अनूप बड़े हैं।
प्राप्त विवरण के अनुसार अनूप नायक ने अपनी शिक्षा गाँव के प्राथमिक विद्यालय से शुरू की और 8वीं तक की पढ़ाई वहीं से पूरी की। इसके बाद उन्होंने राम सखी राम निवास सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भरौली से हाईस्कूल उत्तीर्ण किया तथा इंटरमीडिएट की शिक्षा सेंट्रल एकेडमी, गोरखपुर से प्राप्त की। आगे की पढ़ाई में उन्होंने राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से बीए व एमए की डिग्री हासिल की और फिर सीएमपी डिग्री कॉलेज, इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एलएलबी की उपाधि प्राप्त की।
बीते करीब आठ वर्षों से वह प्रयागराज में रहकर यूपीपीसीएस की तैयारी कर रहे हैं। वर्तमान में उनका यूपीपीसीएस मेन्स परीक्षा भी चल रहा है। खास बात यह है कि उन्हें यह सफलता यूपीपीसीएस में 6वीं बार प्रयास करने पर मिली है। इससे पहले भी उनका चयन रेलवे ग्रुप डी, आबकारी पुलिस, हाईकोर्ट में चतुर्थ श्रेणी, सेक्रेटरी तथा फल मंडी इंस्पेक्टर जैसे पदों पर हो चुका था, लेकिन उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया। परिवार ने भी हमेशा उनका साथ दिया और कभी किसी नौकरी के लिए दबाव नहीं बनाया। उनके बाबा ने बताया कि अनूप ने करीब 11 वर्षों की कठिन तपस्या और निरंतर परिश्रम के बाद यह मुकाम हासिल किया है।
अनूप नायक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने बाबा, माता-पिता, भाई, शिक्षक ओमप्रकाश शुक्ला तथा दृष्टि आईएएस के शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, धैर्य और सही मार्गदर्शन से ही यह सफलता संभव हो पाई।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में बधाइयों का तांता लगा हुआ है। बधाई देने वालों मे, सृंजय मिश्र, बाबा राधे, नर्वदेश्वर, पवन, आशीष, अरुण सहित अनेक लोग शामिल रहे।
